बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान की अपकमिंग फिल्म ‘King’ रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर चर्चा का बड़ा विषय बन गई है। फिल्म को लेकर फैंस की दीवानगी तो है ही, इसके प्री-रिलीज कारोबार के आंकड़े भी हैरान करने वाले हैं। इंडस्ट्री रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने रिलीज से पहले ही अलग-अलग राइट्स की बिक्री से करीब 665 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। खास चर्चा Netflix के साथ हुई डिजिटल स्ट्रीमिंग डील को लेकर है|

Netflix के साथ 150 करोड़ की डील
रिपोर्ट्स के मुताबिक, Netflix ने फिल्म के डिजिटल स्ट्रीमिंग राइट्स करीब 150 करोड़ रुपये में खरीदे हैं। हालांकि, इस डील में थिएटर में फिल्म के प्रदर्शन से जुड़ी एक शर्त भी बताई जा रही है। यानी बॉक्स ऑफिस पर फिल्म कैसा प्रदर्शन करती है, उसके आधार पर स्ट्रीमिंग राइट्स की अंतिम कीमत में बदलाव हो सकता है।
थिएट्रिकल और दूसरे राइट्स से कितनी कमाई?
‘King’ के प्री-रिलीज कारोबार में सबसे बड़ा हिस्सा थिएट्रिकल राइट्स का बताया जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, विदेशी वितरण अधिकार Phars Films ने करीब 175 करोड़ रुपये के मिनिमम गारंटी सौदे में हासिल किए हैं। वहीं, भारत में थिएट्रिकल वितरण अधिकार Pen Marudhar को करीब 250 करोड़ रुपये में मिले हैं।
इसके अलावा फिल्म के सैटेलाइट राइट्स करीब 25 करोड़ और म्यूजिक राइट्स लगभग 65 करोड़ रुपये में बिकने की खबर है।
इन सभी सौदों को जोड़ने पर फिल्म का प्री-रिलीज कारोबार करीब 665 करोड़ रुपये बैठता है। हालांकि, ये आंकड़े मीडिया और ट्रेड रिपोर्ट्स पर आधारित हैं, आधिकारिक ऑडिटेड कमाई नहीं हैं।
400 करोड़ का बजट, 800 करोड़ की चुनौती!
फिल्म के बजट को लेकर भी बड़ी चर्चा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘King’ का प्रोडक्शन बजट करीब 400 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। शाहरुख खान की फीस और रिलीज-प्रमोशन का खर्च जोड़ने पर कुल लागत और बढ़ सकती है। कुछ ट्रेड अनुमानों के मुताबिक, फिल्म को डिस्ट्रीब्यूटर्स के लिए मुनाफे का सौदा बनने के लिए दुनियाभर में करीब 800 करोड़ रुपये का कारोबार करना पड़ सकता है।
कब रिलीज होगी ‘King’?
सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही ‘King’ 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म में शाहरुख खान के साथ उनकी बेटी सुहाना खान, दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी और अभिषेक बच्चन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। शाहरुख और सिद्धार्थ आनंद इससे पहले ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘Pathaan’ में साथ काम कर चुके हैं।
अब देखना दिलचस्प होगा कि रिलीज से पहले 665 करोड़ रुपये का कारोबार करने वाली ‘King’ सिनेमाघरों में दर्शकों का कितना प्यार हासिल करती है। क्या शाहरुख खान एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर नया रिकॉर्ड बनाएंगे?



