लखनऊ में छात्रों के विवाद के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग, बीटेक छात्र को लगी गोली; सात युवकों पर केस
गुडंबा में छात्रों के बीच विवाद के बाद देर रात फायरिंग हुई, जिसमें बीटेक अंतिम वर्ष का छात्र घायल हो गया। पुलिस ने सात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
न्यूज़
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में छात्रों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गुडंबा थाना क्षेत्र में इंटीग्रल यूनिवर्सिटी के पास शनिवार देर रात हुई फायरिंग में बीटेक अंतिम वर्ष का छात्र आयाज इमाम खान उर्फ अरबाज घायल हो गया। गोली उसके पैर में लगी, जबकि तीन गोलियां शरीर को छूकर निकल गईं। गंभीर हालत में उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। घटना के बाद इलाके में पुलिस की सक्रियता बढ़ गई है।
चाय की दुकान पर शुरू हुआ विवाद
अमर उजाला की रिपोर्ट के अनुसार, बिहार के सीवान जिले का रहने वाला आयाज इमाम खान इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में कंप्यूटर साइंस से बीटेक अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहा है।
बताया गया कि विवाद की शुरुआत बीकॉम चतुर्थ वर्ष के छात्र जीशान और कुछ युवकों के बीच हुई बहस से हुई। चाय की दुकान पर हुई कहासुनी के बाद जीशान के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है।
आरोप है कि अभिषेक ठाकुर समेत कुछ युवकों ने जीशान को थप्पड़ और बेल्ट से पीटा। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसके बाद जीशान ने गुडंबा थाने में शिकायत दी।
शिकायत के कुछ घंटे बाद हुई फायरिंग
रिपोर्ट के मुताबिक, शिकायत के कुछ घंटे बाद रात करीब 11:44 बजे आरोपी अपने साथियों के साथ जीशान के फ्लैट के पास पहुंचे। आरोप है कि वहां ताबड़तोड़ फायरिंग की गई और सुतली बम भी फेंके गए।
इसी दौरान चली गोली आयाज को लग गई। घायल छात्र को उसके साथी पहले इंटीग्रल अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।
घटनास्थल से पुलिस को कारतूस भी मिले हैं। घटना के बाद एसीपी और गुडंबा थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे।
सात युवकों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा
पुलिस ने आयाज की तहरीर के आधार पर अभिषेक ठाकुर, राशिद जमाल, सोहैल, राहुल, नफीस, अब्दुल्लाह और दानिश के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
एसीपी के मुताबिक, कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
मामले में पुलिस यह भी जांच कर रही है कि छात्रों के बीच विवाद किस वजह से शुरू हुआ और फायरिंग में किन लोगों की भूमिका रही।



