एंटरटेनमेंट डेस्क| बॉलीवुड में इन दिनों रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर जबरदस्त चर्चा है। फिल्म की रिलीज से पहले ही इसके विजुअल्स, स्टारकास्ट और भव्य स्तर को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बनी हुई है। अब फिल्ममेकर करण जौहर की एक इंस्टाग्राम स्टोरी ने इस चर्चा को और हवा दे दी है।
करण जौहर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, “Mind is BLOWN! Won’t say anymore! All I will say is that it’s going to be a very, very exceptionally HAPPY DIWALI.” उनके इस संदेश का मतलब है कि वह बेहद प्रभावित हैं और फिलहाल इससे ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहते। उनकी इस पोस्ट के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस सवाल कर रहे हैं कि क्या करण ने ‘रामायण’ देख ली है और क्या यह उसी फिल्म को लेकर उनका रिएक्शन है?

करण की पोस्ट के पीछे है खास कनेक्शन
इस चर्चा की एक वजह करण जौहर की कंपनी धर्मा प्रोडक्शंस भी है। कंपनी फिल्म ‘रामायण’ के हिंदी वर्जन के थिएट्रिकल डिस्ट्रीब्यूशन से जुड़ी है। ऐसे में करण की तारीफ भरी पोस्ट को फैंस फिल्म से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, उन्होंने अपनी स्टोरी में कहीं भी ‘रामायण’ का नाम नहीं लिखा है। इसलिए इसे फिल्म का आधिकारिक रिव्यू कहना जल्दबाजी होगी।
रणबीर, साई पल्लवी और यश की तिकड़ी
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है। इसे कई भारतीय भाषाओं के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी रिलीज करने की तैयारी है।
क्या दर्शकों की उम्मीदों पर खरी उतरेगी रामायण?
फिल्म को बड़े बजट, शानदार विजुअल इफेक्ट्स और ए.आर. रहमान तथा हंस जिमर के संगीत के साथ तैयार किया गया है। ऐसे में दर्शकों की उम्मीदें भी काफी बड़ी हैं। करण जौहर की एक छोटी-सी पोस्ट ने फिल्म को लेकर नई बहस जरूर शुरू कर दी है, लेकिन असली फैसला सिनेमाघरों में दर्शकों की प्रतिक्रिया ही करेगी।



