यूपी: पुलिस मुठभेड़ में बिल्लू इंदौरिया गैंग का बदमाश वाहिद अंसारी ढेर, इलाज के दौरान मौत; कोतवाल समेत दो पुलिसकर्मी घायल
अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में अंबेडकरनगर जिले में बुधवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में कुख्यात सुपारी किलर और बिल्लू इंदौरिया गैंग का सदस्य वाहिद अंसारी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ में अकबरपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह और एसओजी के मुख्य आरक्षी सोनू यादव भी गोली लगने से घायल हुए हैं।
शिवबाबा बैरियर पर चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक, 17 और 18 नवंबर की मध्यरात्रि अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के शिवबाबा बैरियर पर पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अहिरौली की तरफ से पल्सर बाइक पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए।
पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान अकबरपुर कोतवाली प्रभारी भूपेंद्र सिंह के बाएं हाथ में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए बदमाशों का पीछा किया।
जवाबी फायरिंग में घायल हुआ वाहिद, साथी फरार
पुलिस के अनुसार, दोनों बदमाश बाइक से शिवबाबा मैदान की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने उन्हें आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन बदमाशों ने फायरिंग जारी रखी। जवाबी कार्रवाई में वाहिद अंसारी गोली लगने से घायल हो गया। उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
वहीं, उसका दूसरा साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने फरार बदमाश की तलाश में अभियान तेज कर दिया है।
एसपी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी लगी गोली
इस मुठभेड़ में पुलिस की टीम को भी निशाना बनाया गया। बदमाशों की फायरिंग में पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह और सर्विलांस प्रभारी विनोद यादव की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी। हालांकि, जैकेट की वजह से दोनों सुरक्षित रहे। घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
35 आपराधिक मुकदमों में दर्ज था नाम
पुलिस के मुताबिक, मृतक वाहिद अंसारी गाजीपुर जिले के बहरियाबाद थाना क्षेत्र का निवासी था। वह बिल्लू इंदौरिया गैंग से जुड़ा था और सुपारी किलिंग के लिए कुख्यात था। उसके खिलाफ आजमगढ़, गाजीपुर, सुल्तानपुर, वाराणसी, गौतमबुद्धनगर और चंदौली समेत छह जिलों में कुल 35 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।
इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामले शामिल थे। पुलिस के अनुसार, वह गोरखपुर जिले से भी वांछित चल रहा था।
भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से हथियारों का जखीरा बरामद किया है। इसमें तीन .32 बोर की पिस्टल, एक 9 एमएम कार्बाइन, सात .315 बोर के तमंचे, छह खोखा कारतूस और 24 जिंदा कारतूस शामिल हैं। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक भी बरामद हुई है।
फिलहाल पुलिस फरार बदमाश की तलाश कर रही है। मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
अंबेडकरनगर की इस मुठभेड़ के बाद पूर्वांचल में सक्रिय आपराधिक नेटवर्क को लेकर पुलिस की जांच तेज हो गई है।



