दिल्ली यूनिवर्सिटी | सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) ने असिस्टेंट के 215 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। योग्य और इच्छुक उम्मीदवार विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 19 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। भर्ती का नोटिफिकेशन विज्ञापन संख्या R&P/325/2026 के तहत जारी किया गया है।

शैक्षणिक योग्यता और अनुभव
असिस्टेंट पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री होनी चाहिए। इसके साथ संबंधित क्षेत्र में कम से कम दो साल का अनुभव भी जरूरी है। उम्मीदवार को अंग्रेजी में 35 शब्द प्रति मिनट या हिंदी में 30 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग स्पीड आनी चाहिए। कंप्यूटर संचालन का ज्ञान भी आवश्यक है।
आयु सीमा और आवेदन शुल्क
इस भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 32 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 1,000 रुपये, OBC-NCL, EWS और महिला उम्मीदवारों को 800 रुपये तथा SC, ST और दिव्यांग उम्मीदवारों को 600 रुपये जमा करने होंगे।
कैसे होगा चयन?
उम्मीदवारों का चयन तीन चरणों में किया जाएगा। सबसे पहले प्रारंभिक परीक्षा होगी, जिसके आधार पर मुख्य परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इसके बाद मुख्य परीक्षा और फिर स्किल/टाइपिंग टेस्ट आयोजित होगा। प्रारंभिक परीक्षा केवल शॉर्टलिस्टिंग के लिए है, जबकि अंतिम मेरिट मुख्य परीक्षा के आधार पर तैयार होगी। स्किल टेस्ट क्वालिफाइंग प्रकृति का होगा।
कैसे करें आवेदन?
इच्छुक उम्मीदवार दिल्ली यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट www.du.ac.in पर जाएं। भर्ती सेक्शन में असिस्टेंट भर्ती 2026 के नोटिफिकेशन को खोलें, पात्रता जांचें और ऑनलाइन आवेदन लिंक के जरिए फॉर्म भरें। आवेदन जमा करने से पहले सभी जानकारी और दस्तावेज ध्यान से जांच लें।
आवेदन की अंतिम तारीख 19 नवंबर 2026 है। उम्मीदवारों को सलाह है कि अंतिम दिन का इंतजार किए बिना आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।



